
गरियाबंद, छत्तीसगढ़ में पंचायत सचिव संघ के बैनर तले जिले के देवभोग ब्लॉक ग्राम पंचायत सचिव अपनी मांगों को लेकर अनिश्चितकालीन हड़ताल पर हैं। उनकी मुख्य मांग शासकीयकरण है, जो कि भारतीय जनता पार्टी के घोषणा पत्र में भी शामिल था।
पंचायत सचिव 18 मार्च से देवभोग सामुदायिक भवन में अनिश्चितकालीन हड़ताल पर हैं। उन्हें आशा है कि सरकार उनकी मांगों पर ध्यान देगी और शासकीयकरण की प्रक्रिया को आगे बढ़ाएगी।हालांकि, छत्तीसगढ़ पंचायत संचालनालय के संचालक प्रियंका ऋषि महोबिया ने एक आदेश जारी किया है, जिसमें पंचायत सचिवों को 24 घंटे के अंदर हड़ताल खत्म करने और पंचायत के काम-काज करने के लिए सख्त निर्देश दिए गए हैं। इस आदेश के बाद पंचायत सचिव संघ में आक्रोश का वातावरण देखा जा रहा है और उन्होंने आदेश की कॉपी को जलाकर विरोध प्रदर्शन किया है।